
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते दुनिया भर के तमाम स्पोर्ट्स इवेंट्स या तो रद्द या फिर स्थगित कर दिए गए हैं। क्रिकेट की भी तमाम सीरीज स्थगित की जा चुकी हैं, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) भी स्थगित हो चुका है। अब खतरा आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप पर भी मंडरा रहा है। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेट एबी डिविलियर्स इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं, लेकिन वो इसका इशारा कर चुके हैं कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए वो इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं, हालांकि अब डिविलिर्स ने कहा है कि अगर कोरोना वायरस संक्रमण के चलते टी20 वर्ल्ड कप स्थगित होता है तो उनका खेलना मुश्किल होगा।
'मिस्टर क्रिकेट' ने महेंद्र सिंह धोनी को बताया दुनिया का महान फिनिशर
'एक साल के लिए अगर स्थगित हुआ टी20 WC तो...'
दुनिया के सबसे खतरनाक विस्फोटक बल्लेबाजों से एक डिविलियर्स ने 2018 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन उन्होंने संन्यास के बाद सीमित ओवरों के क्रिकेट में फिर से खेलने की इच्छा जताई थी। टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन इस साल 18 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में होना है, लेकिन दुनियाभर में फैले कोरोना वायरस के कारण इसके आयोजन पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। डिविलियर्स ने एक दक्षिण अफ्रीकी अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा, 'अगर टूर्नामेंट अगले एक साल तक के लिए स्थगित किया जाता है, तो बहुत सी चीजें बदल जाएंगी। इस समय मैं खुद को उपलब्ध मानता हूं। लेकिन साथ ही मैं यह नहीं जानता कि उस समय मेरी फिटनेस कैसी रहेगी और क्या मैं तब तक फिट रहूंगा।'
लॉकडाउन बढ़ा 3 मई तक, सैमसन के साथ मिल केरल पुलिस ने बनाया खास Video
'100 % फिट नहीं रहा तो नहीं खेलूंगा'
उन्होंने कहा, 'मैं अगर 100 परसेंट फिट रहता हूं, जैसा कि मैं चाहता हूं तो फिर मैं उपलब्ध रहूंगा। लेकिन अगर ऐसा नहीं होता तो फिर मैं इस तरह का इंसान नहीं हूं जो 80 परसेंट फिट होने पर खुद को उपलब्ध रखे।' डिविलियर्स की वापसी की पिछले कुछ महीने से लगातार चर्चा चल रही है। आईसीसी ने अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के स्थगित होने को लेकर कोई बात नहीं कही है, लेकिन मौजूदा हालात देखते हुए समय पर इसके आयोजन की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।