डीटीसी बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन

स्पेशल ट्रेनों का सफर करके जो भी लोग दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर पहुंच रहे हैं अब उनके लिए डीटीसी बसों की व्यवस्था की गई है. बसों के द्वारा लोगों को दिल्ली के अलग-अलग रूट के साथ-साथ यूपी बॉर्डर पर भी छोड़ा जा रहा है.

  • रेलवे स्टेशन पर डीटीसी बसों की व्यवस्था
  • दिल्ली में कई रूट और यूपी बॉर्डर पर छोड़ रही बस

कोरोना संकट काल के बीच अब स्पेशल ट्रेनों का चलना शुरू हो गया है, इससे लाखों लोगों को राहत मिली है. लेकिन इसी के साथ एक और संकट भी खड़ा हो गया है, क्योंकि दूसरे राज्यों से जो लोग दिल्ली आ रहे हैं उन्हें आगे अपने घर जाने का कोई साधन नहीं मिल रहा है. इस बीच संकट को देखते हुए डीटीसी बसों की व्यवस्था की गई है, जो लोगों को दिल्ली में अलग-अलग इलाकों, यूपी बॉर्डर तक छोड़ रही है. ऐसे में लोगों के सामने संकट है कि वो अपने घर कैसे पहुंचेंगे.

दिल्ली के अंबेडकर डिपो पर रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लाया जा रहा है, साथ ही उन्हें अलग-अलग रूट की बसों में छोड़ा जा रहा है. किसी को बरेली जाना है तो किसी को सहारनपुर. इसके लिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों और यूपी बॉर्डर तक ही लोगों को छोड़ा जा रहा है. ऐसे में सैकड़ों की संख्या में लोग अंबेडकर डिपो पर एकत्रित हो गए हैं.

यहां तक आ गए, लेकिन घर कैसे जाएं?

स्पेशल ट्रेन में सफर कर दिल्ली पहुंची एक महिला ने कहा कि अगर ट्रेन की व्यवस्था की है, तो सरकार को यहां से घर जाने की व्यवस्था भी करनी चाहिए. क्योंकि कोई साधन नहीं है.

स्पेशल ट्रेन का सफर कर एक परिवार अहमदाबाद से दिल्ली आया है, लेकिन अब उन्हें आगे अलीगढ़ जाना है. अब इनका कहना है कि वह यहां तो आ गए हैं लेकिन आगे जाने का साधन नहीं है. परिवार के सदस्य ने बताया कि उनके रिश्तेदारों ने एक टैक्सी की व्यवस्था करवाई थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उसे बॉर्डर पर रोक दिया इसलिए वो नहीं आ पाई है.