टीईटी-एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ द्वारा सोमवार को बिहार सरकार और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। शिक्षकों ने होली नहीं मनाने का निर्णय भी लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष मार्कण्डेय पाठक एवं प्रदेश प्रवक्ता अश्विनी पाण्डेय ने कहा कि पटना जिला समेत प्रदेशभर में होलिका दहन के दिन शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया जा रहा है। शिक्षक अपनी मांगों को लेकर पिछले 20 दिन से हड़ताल पर हैं, परंतु सरकार के द्वारा शिक्षकों की मांग पर सकारात्मक पहल नहीं की गयी है। इससे शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है। 

संघ के सचिव अमित कुमार एवं शाकिर इमाम ने कहा कि जब तक सरकार हमारी मांग पूर्ण वेतनमान एवं राज्यकर्मी के दर्जे की लिखित घोषणा नहीं करती है, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष केदार नाथ पांडेय और महासचिव शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि शिक्षक अपनी मांगों के लिए विधायक के आवास का घेराव करेंगे।

जहानाबाद: शिक्षकों का आंदोलन रहा जारी

अरवल के अलावा सभी प्रखंडों में सोमवार को माध्यमिक व प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षकों ने धरना दिया। अरवल और मखदुमपुर में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के पुतले के साथ मार्च निकाला गया। शिक्षक नेताओं ने कहा कि होलिका के मौके पर सीएम और शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका जाएगा।