
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने ऑफिशियल टि्वटर हैंडिल से कुछ भारतीय क्रिकेटरों की एक पुरानी तस्वीर शेयर की है। यह तस्वीर 2005 की है, जो श्रीलंका में ली गई थी। इस तस्वीर में कुछ जाने-पहचाने चेहरे हैं तो कुछ को पहचानने के लिए आपको मेहनत करनी होगी। सीएसके द्वारा शेयर की गई यह तस्वीर भारतीय क्रिकेट फैन्स को पुरानी यादों में ले गई है। इस तस्वीर में ये क्रिकेटर अपने उस पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं, जब इन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट की दुनिया में अपने शुरुआती कदम रखे थे।
कोरोना वायरस की वजह से सभी क्रिकेट टूर्नामेंट स्थगित या रद्द किए जा चुके हैं। आईपीएल 2020 को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जा चुका है। ऐसे में क्रिकेटर और आईपीएल फ्रेंचाइजीज फैन्स के साथ जुड़े रहने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रही हैं। लॉकडाउन के दौरान क्रिकेटरों के लाइव वीडियो इंटरव्यूज किए जा रहे हैं तो साथ ही फ्रेंचाइजी पुराने वीडियो और तस्वीरें शेयर कर फैन्स को एंटरटेन कर रही हैं। इसी कड़ी में सीएसके ने भारतीय क्रिकेटरों की एक पुरानी तस्वीर शेयर की है।
'इकट्ठा वेद, ग्रंथ और कुरान कर दिया', हरभजन सिंह ने सुनाई यह खूबसूरत कविता- VIDEO
चेन्नई सुपर किंग्स ने 2005 के श्रीलंका दौरे की यह तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए सीएसके ने कैप्शन दिया है- मैन इन ब्ल्यू, येलो लव से पहले ग्रे के अलग-अलग शेड्स। यह तस्वीर गोल्ड है। फैन्स भी इस तस्वीर पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं और खिलाड़ियों को पहचानने की कोशिश कर रहे हैं।
Men in blue, in various shades of grey before all the #yellove started and this is nothing but GOLD! Circa 2005, Sri Lanka.
#WhistlePodu #OnceUponAWhistle
बता दें कि इस तस्वीर में हरभजन सिंह, वेणु गोपाल राव, लक्ष्मीपति बालाजी, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी और जय प्रकाश यादव हैं। गौरतलब है धोनी के फैन्स मैदान पर उनकी गैरमौजूदगी को लंबे वक्त से मिस कर रहे हैं। धोनी ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच खेला था। यह सेमीफाइनल मैच था, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
युजवेंद्र चहल को वर्कआउट करता देख युवराज सिंह ने किया ट्रोल, बताया उन्हें चूहा
इसके बाद से धोनी ने कोई क्रिकेट मैच नहीं खेला है। उम्मीद जताई जा रही थी कि धोनी आईपीएल 2020 से क्रिकेट में वापसी करेंगे, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से इस टूर्नामेंट को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में धोनी के भविष्य, कमबैक और संन्यास को लेकर एक बार फिर से सवाल उठने लगे हैं।
