नई दिल्ली. एक ओर जहां पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड दौरे के लिए लाहौर में होने वाले ट्रेनिंग कैंप को इसलिए रद्द कर दिया है क्योंकि वो सभी खिलाड़ियों के लिए जैविक सुरक्षित माहौल नहीं बना पा रही थी, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) कोरोना वायरस से जुड़े सभी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पकड़े गए हैं.
बाबर आजम ने तोड़े नियम
हाल ही में पाकिस्तान के वनडे और टी20 कप्तान नियुक्त हुए बाबर आजम (Babar Azam) ने लाहौर में अब्दुल कादिर क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस की. इस दौरान बाबर आजम के साथ ओपनर इमाम उल हक भी थे.तेज गेंदबाज नसीम शाह भी इसी एकेडमी में प्रैक्टिस कर रहे थे. इन तीनों खिलाड़ियों पर आरोप है कि उन्होंने कोरोना वायरस से बचने के लिए जारी किए गए नियमों और सावधानियों का पालन नहीं किया. एक ओर जहां पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों को कोरोना वायरस की कोशिशों में जुटा है, वहीं बाबर आजम जैसे खिलाड़ियों को इसकी जरा भी चिंता नहीं दिखाई दे रही.
बाबर आजम (Babar Azam) और इमाम उल हक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. डॉन न्यूज के स्पोर्ट्स रिपोर्टर मखदूम अबु बकर बिलाल ने ये वीडियो बनाया है. पाकिस्तान के इन तीनों खिलाड़ियों की हरकत से वहां के फैंस काफी नाराज हैं.
मोहम्मद हसनैन ने भी की पार्टी
सिर्फ बाबर आजम (Babar Azam), नसीम शाह और इमाम उल हक नहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन भी कोरोना वायरस के दौरान पार्टी करते हुए दिखे हैं. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन (Mohammad Hasnain) की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई जिसमें वो दोस्तों के साथ BBQ पार्टी इंजॉय करते दिखे. बता दें पाकिस्तानी टीम को अगस्त में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है. लेकिन उसके खिलाड़ी प्रैक्टिस नहीं कर पा रहे हैं. यही वजह है कि पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट अब जल्दी इंग्लैंड जाना चाहता है ताकि वो वहां सुरक्षित माहौल में प्रैक्टिस कर सकें, जो कि पाकिस्तान में मुमकिन नहीं हो पा रहा है.