नई दिल्ली: टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाजों संजू सैमसन (Sanju Samson) और ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की अक्सर तुलना की जाती है. लेकिन संजू का इस बारे में कुछ और ही मानना है. हाल ही में संजू ने अपने एक इंटरव्यू में इस बारे में खुलकर बात की, जिसमें उन्होंने कहा कि टीम में अपनी जगह बनाने के लिए ऋषभ पंत से उनका कोई कॉम्पिटिशन नहीं है.
संजू ने इस इंटरव्यू में कहा, ''टीम में जगह के लिए कभी ऋषभ पंत को प्रतिस्पर्धा में नहीं माना. मुझे लगता है कि यह सब टीम संयोजन पर निर्भर करता है. मैंने कभी इसके बारे में नहीं सोचा. जब एक क्रिकेटर के रूप में आप प्रतिस्पर्धा कर रहे हों या जब आप खेल में उतरने की कोशिश कर रहे हों, तो इन सब चीजों पर ध्यान देना सही नहीं है. मुझे नहीं लगता कि यह क्रिकेट खेलने का तरीका है.'
इसके अलावा संजू ने ये भी कहा, 'ऋषभ और मैंने आईपीएल (IPL) में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेलना शुरू किया और हमने एक साथ बहुत समय बिताया. हम वास्तव में अच्छे दोस्त हैं. वो एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं. हमें एक साथ खेलने में काफी अच्छा लगा. मैंने उनके साथ बहुत सारी पारियां खेली हैं.'
आगे बताते हुए सैमसन ने कहा, 'मुझे अच्छी तरह याद है कि हम दोनों गुजरात लॉयंस के खिलाफ दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेल रहे थे और हमने पूरे मैदान में छक्के ही छक्के लगाए और लगभग 200 से ज्यादा रनों का पीछा किया. आज भी ऋषभ पंत के साथ उस साझेदारी को मैं याद करता हूं. जब भी मुझसे लोग ऋषभ के साथ प्रतिस्पर्धा के बारे में पूछते हैं तो मैं उनके साथ खेलने के बारे में सोचता हूं, मुझे बहुत पसंद है उनके साथ खेलना, खेल के साथ-साथ हम दोनों काफी मस्ती भी करते थे.'
ये तो हम सभी जानते हैं कि केरल के संजू सैमसन ने साल 2015 में इंटरनैशनल क्रिकेट में डेब्यू किया और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला था. अपने डेब्यू मैच में संजू ने 19 रन बनाए, बावजूद इसके उन्हें टीम में एंट्री लेने के लिए 5 सालों का लंबा इंतजार करना पड़ा था. लंबे इंतजार के बाद उन्होंने 2020 में यानि इसी साल श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले, मगर इन मैचों में वो कुछ खास कमाल कर नहीं पाए.