कोविड-19 महामारी की वजह से सभी क्रिकेट गतिविधियां ठप्प पड़ी हुई हैं। ऐसे में बहुत से क्रिकेटर सोशल मीडिया पर कुछ ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। लॉकडाउन के दौरान खिलाड़ी अपनी पुरानी यादों को एक बार फिर से ताजा कर  रहे हैं और बहुत से मुद्दों पर अपनी राय रख रहे हैं। सुरेश रैना भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कोविड 19 महामारी के खिलाफ जागरूकता अभियान में भी शिरकत की है। वह कई लाइव सेशंस में भी शामिल हुए। हाल ही में उन्होंने एक शो के दौरान पूर्व भारतीय ऑल राउंडर इरफान पठान की जमकर तारीफ की है।

 

सुरेश रैना ने  स्टार स्पोर्ट्स शो 'क्रिकेट कनेक्टेड' में  इरफान पठान की तारीफ करते हुए बताया कि किस तरह इरफान की तुलना पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वसीम अकरम से की जाती थी। उन्होंने कहा, ''ऐसा इसलिए होता था, क्योंकि उनकी गेंदबाजी की शैली और लुक अकरम से मिलते थे। जब मैं भारतीय टीम में आए तो इरफान पठान एक बड़ा नाम बन चुके थे।'' 

 

उन्होंने कहा, ''हर व्यक्ति आपकी तुलना वसीम अकरम से करता था। लंबे और घुंघराले बालों की वजह से आप एक शैंपू के ब्रांड अम्बेसेडर लगते थे। जब 2005 में मैं टीम में आया तो वह बहुत लोकप्रिय हो चुके थे।''

19 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए इरफान पठान को चुना गया था। उन्होंने अपनी स्विंग गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया। 2004 में इरफान को पाकिस्तानी दौरे के लिए चुना गया। वहां मुल्तान टेस्ट में छह विकेट लेकर उन्होंने सुर्खियां बटोरीं। इरफान की परफॉर्मेंस देखकर जावेद मियांदाद ने एक विवादास्पद टिप्पणी की थी। 

उन्होंने कहा था, ''इरफान जैसे गेंदबाज पाकिस्तानी की गलियों में मिल जाते हैं।'' इरफान ने इस घटना को याद करते हुए कहा कि उनके अब्बू को यह कमेंट पसंद नहीं आया था। उन्होंने कहा, ''मुझे मियांदाद का वह कमेंट याद है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पठान जैसे गेंदबाज पाकिस्तान की हर गली में मिल जाते हैं। मेरे पिता को यह पसंद नहीं आया था।''

 

इरफान 2006 में फिर पाकिस्तान के दौरे पर गए थे। बड़ौदा के इस खिलाड़ी ने टेस्ट क्रिकेट में दूसरे हैट्रिक लेकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। ऐसा करने वाले वह दूसरे भारतीय खिलाड़ी थे। इरफान ने सलमान बट्ट, यूनुस खान और मोहम्मद युसुफ को कराची में तीन लगातार गेंदों पर आउट किया था। इरफान ने 29 टेस्ट, 120 वनडे और 24 टी-20 खेले। उन्होंने क्रमशः 100,173 और 28 विकेट लिए।