Zee News हिन्दी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में  बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 433 नए मामले दर्ज किए गए हैं. इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या अब 10536 हो गई है. उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अब तक 6185 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं.

प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक राज्य में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 4076 है. प्रदेश में अब 275 लोगों की कोरोना की वजह से जान गई है. रविवार को यूपी में 278 कोरोना पेशेंट्स ठीक होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए, जबकि 7 मरीजों की मौत हुई.

 
 
 

अमित मोहन प्रसाद ने एक बार फिर जनता से अपील की कि घर से अनावश्यक रूप से न निकलें. उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव का एक मात्र रास्ता सुरक्षा है. इस पर सभी लोगों को ध्यान देना चाहिए. लखनऊ में रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि यूपी लगातार अपनी टेस्ट क्षमता बढ़ा रहा है.

 

उन्होंने बताया कि बीते शनिवार को 11308 सैंपल टेस्ट किए गए और प्रयोगशालाओं को 11021 सैंपल भेजे गए. टेस्टिंग की संख्या को जल्द ही प्रतिदिन 15 हजार तक बढ़ाया जाने का लक्ष्य है. शनिवार को 5-5 सैंपल के 1084 पूल लगाए गए और 10-10 सैंपल के 127 पूल लगाए गए. 10 सैंपल वाले 127 में से 17 पूल पॉजिटिव पाए गए. 5 सैंपल वाले 128 पूल पॉजिटिव पाए गए.

उन्होंने जनता से सार्वजनिक स्थलों पर दो गज की दूरी बनाकर रहने की अपील की. साथ ही उन्होंने कहा कि लोग प्रत्येक भवन या कार्यालय, धर्मस्थल, होटल, रेस्टोरेंट या मॉल में अंदर जाने से पहले अल्कोहल युक्त सैनिटाइजर का उपयोग अवश्य करें. छींकते, खांसते समय मुंह और नाक को ढंक कर रखें. यदि किसी को कोरोना का लक्षण प्रतीत हो तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नम्बर- 1800 180 5145 पर संपर्क करें.