नई दिल्ली. राजधानी में कोरोना वायरस (COVID-19) के बढ़ते प्रकोप के बीच आज सरकार ने इस महामारी से लड़ने के लिए मोबाइल एप लॉन्च किया. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) ने इसका ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली में आज की तारीख में अस्पतालों में कई बेड खाली पड़े हैं, लेकिन लोगों को इसके बारे में मालूम नहीं है. इसको लेकर आज दिल्ली सरकार मोबाइल एप लॉन्च कर रही है. 

 

इससे लोगों को घर बैठे अस्पतालों में उपलब्ध बेड, वेंटिलेटर और अन्य सुविधाओं के बारे में पता चल सकेगा. दिन में दो बार यह एप अपडेट होगा. दिल्ली कोरोना नाम से यह एप है, जिसका वेबपेज भी बनाया गया है. इसका नाम delhifightscorona.in\beds है. इसके बारे में आपको 1031 नंबर पर भी जानकारी मिल सकेगी.

 

सीएम केजरीवाल ने माना कि दिल्ली में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है. फिर भी कई बार लोगों के फोन आते हैं कि उन्हें दिल्ली के अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी नहीं है. उन्होंने बताया कि दिल्ली के अस्पतालों में आज 6731 बेड हैं.

 

दिल्ली के अस्पतालों में 2600 मरीज भर्ती हैं, यानी लगभग 4100 बेड खाली हैं. इसके बारे में लोगों को पता नहीं चलता. यह इंफॉर्मेशन गैप है, जिसे दूर करने के लिए यह मोबाइल एप लॉन्च किया जा रहा है. इसके जरिए लोगों को सरकारी और निजी अस्पतालों के बारे में जानकारी मिलेगी. लोग एप के जरिए जानकारी लेकर मनचाहे अस्पताल में जा सकेंगे.

कैसे काम करेगा एप

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस एप पर लोगों को दिल्ली के निजी या सरकारी, सभी अस्पतालों के खाली बेड, वेंटिलेटर आदि की जानकारी मिलेगी. दिन में दो बार यह एप अपडेट होगा. सुबह 10 बजे और शाम के 6 बजे. इससे आपको लेटेस्ट स्टेटस का पता चलेगा.

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि DelhiCorona नाम का यह एप आप अपने मोबाइल में डाउनलोड कर लें, ताकि दिल्ली में मेडिकल सुविधाओं के बारे में आपको हमेशा जानकारी मिल सके. इस एप के बारे में एक वेबपेज भी बनाया गया है - delhifightscorona.in\beds, इस पर आपको पूरी जानकारी मिलेगी. वहीं आप वॉट्सएप नंबर 8800007722 से भी बेड के बारे में जानकारी ले सकते हैं. इसके अलावा 1031 फोन नंबर पर भी जानकारी मिल जाएगी.