नई दिल्लीः ऐप आधारित कैब सेवा प्रदाता कंपनी उबर ने सोमवार से देश के 17 शहरों में एक नई सेवा को शुरू किया है, जिससे ग्राहकों को बड़ा फायदा होगा. कंपनी ने घंटों के आधार पर अपना नया पैकेज शुरू किया है. इसके तहत कोई भी व्यक्ति एक ही गाड़ी से घंटों पूरे शहर में घूम सकता है.

2 घंटे के लिए बुक हो सकेगी कैब

इस पैकेज में ग्राहक अधिकतम 12 घंटों के लिए एक ही कैब को बुक करा सकेगा. कंपनी ने इसके लिए 189 रुपये प्रति घंटा या फिर 10 किमी का चार्ज रखा है. इससे कैब बुक कराने वाले ग्राहक को काफी सुविधा मिलेगी. उबर के हेड ऑफ सिटी-भारत व दक्षिण एशिया प्रभजीत सिंह ने कहा कि इस नए पैकेज से हमारे ड्राइवरों को तो लाभ होगा ही, साथ ही ग्राहकों को भी पूरी तरह से सुरक्षा मिलेगी. 

इन शहरों में मिलेगी ये सुविधा

फिलहाल ये सुविधा दिल्ली-एनसीआर, बेंगलूरू, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, जयपुर, पुणे, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, कोयंबटूर, लुधियाना, चंडीगढ़, कोच्चि, लखनऊ, गुवाहाटी, कानपुर और भोपाल में रहने वाले ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी. 

इस सुविधा को लेने के लिए ग्राहकों को केवल अपने ऐप एक बार को अपडेट करना होगा. उसके बाद वो अन्य राइड्स की तरह इस सेवा के लिए भी कैब को बुक कर सकेंगे.