समुद्र में जमी बर्फ के बीच फंस गया था कुत्‍ता

रूस में एक कुत्‍ते (Loyal dog ) ने अपनी वफादारी की म‍िसाल पेश की है। यह कुत्‍ता दो महीने तक कड़ाके की ठंड के बीच अपने माल‍िक के इंतजार में बैठा रहा है। समुद्री बर्फ के बीच फंसे इस कुत्‍ते (Dog Waited for owner ) की स्‍थानीय लोगों ने मदद की और उसे बचा ल‍िया गया है

मास्‍को
दुनियाभर में कुत्‍ते के वफादारी की अक्‍सर दुहाई दी जाती है। कुछ ऐसा ही उदाहरण देखने को मिला रूस के सुदूरवर्ती इलाके मगदान ओबलास्‍ट में। यहां एक काले रंग का कुत्‍ता नगेव की खाड़ी के पास बर्फ से जमे हुए समुद्र में दो महीने तक अपने स्‍वामी का इंतजार करता रहा। स्‍थानीय लोगों के मुताबिक यह कुत्‍ता एक जहाज के चालक दल के साथ आया था।
डेली स्‍टार की रिपोर्ट के मुताबिक यह अभी तक स्‍पष्‍ट नहीं हो पाया है कि यह कुत्‍ता उसके मालिक ने छोड़ दिया या वह गलती से छूट गया। इस इलाके में रहने वाले लोगों की दया से कुत्‍ता अभी भी जिंदा है और अपने मालिक के लौटने का इंतजार कर रहा है। स्‍थानीय लोग उसे खाना देते रहते हैं जिससे बर्फ से जमे समुद्री इलाके में यह कुत्‍ता अभी तक अपने प्राण बचाने में सफल रहा है।

वॉलंटियर्स ने कुत्‍ते को बचाया
कुत्‍ते की इस स्‍वामी भक्ति को देखते हुए वॉलंटियर्स का एक ग्रुप इस कुत्‍ते को बचाने के लिए निकला। समुद्र में जमी हुई बर्फ के बीच बचाव दल के एक सदस्‍य को यह कुत्‍ता मिल गया। बचाव दल ने जाल बिछाकर कुत्‍ते को पकड़ लिया। इस कुत्‍ते को अब एनिमल शेल्‍टर होम को दे दिया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

स्‍थानीय मीड‍िया के मुताबिक एक मछुआरे ने इस कुत्‍ते को गोद लेने का फैसला किया। यह मछुआरा कुत्‍ते को बचाने में शामिल था। अब यह कुत्‍ता शेल्‍टर होम से मछुआरे के घर चला गया है। अभी तक इस कुत्‍ते के मालिक का पता नहीं चल पाया है। इलाके में लोग कुत्‍ते की वफादारी की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।