मोहम्मद शमी

भारत के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर रोहित शर्मा के साथ लाइव चैट में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें शेयर की हैं.

शमी ने कहा है कि निजी और प्रोफेशनल मसलों की वजह से वे इतने तनाव में रहे हैं कि तीन बार उन्होंने आत्महत्या करने के बारे में सोच लिया था.

हालांकि शमी ने कहा है कि वे उस मुश्किल समय में परिवार वालों की मदद से उबर पाए.

शमी ने इंस्टाग्राम लाइव में रोहित शर्मा से कहा, "2015 में मैं वर्ल्ड कप के दौरान घायल हो गया था. इसके बाद मुझे भारतीय टीम में वापसी में 18 महीने लग गए. यह मेरे करियर का सबसे मुश्किल दौर था."

"आप जानते हैं कि चोट से वापसी कितनी मुश्किल होती है और उसके बाद पारिवारिक मुश्किलें शुरू हो गईं. यह चल ही रहा था कि आईपीएल शुरू होने से 10-12 दिन पहले मैं दुर्घटनाग्रस्त हो गया. मेरे निजी मामलों को लेकर मीडिया में भी काफी बढ़ा चढ़ाकर दिखाया जा रहा था."

मोहम्मद शमी

हर समस्या का हल मिल जाएगा...

शमी ने इस बातचीत में यह भी कहा, "मुझे लगता है कि परिवार की मदद नहीं मिलती तो मैं क्रिकेट छोड़ देता. मैंने तीन बार आत्महत्या करने का इरादा किया. घर में कोई ना कोई मुझ पर हमेशा नजर रखता था. मेरा घर 24वीं मंजिल पर था और घर वालों को लगता था कि मैं अपार्टमेंट से कूद सकता हूं."

शमी ने अपने परिवार वालों का जिक्र करते हुए कहा, "लेकिन मेरे घर वाले मेरे साथ थे, उनसे बड़ी ताक़त क्या होगी. वे हमेशा कहा करते थे कि हर समस्या का हल मिल जाएगा, तुम केवल अपने खेल पर ध्यान दो. वे कहते थे तुम जिसमें अच्छे हो उसमें डूबे रहो. तब मैंने सब कुछ छोड़कर नेट्स पर अभ्यास करना शुरू किया. मैंने पहले दौड़ना शुरू किया. मैं अच्छा कर रहा था या नहीं कर पा रहा था, इसको लेकर भी तनाव रहता था."

"अभ्यास के दौरान भी मैं उदास हो जाता था. परिवार वाले कहते थे कि बस ध्यान लगाकर खेलते रहो. मेरा भाई मेरे साथ ही बैठता था. मेरे कुछ दोस्त हौसला बढ़ाते थे. मैं उन सबको कभी नहीं भूल पाऊंगा. अगर वे लोग नहीं होते तो मैं अपना नुकसान पहुंचा लेता, कुछ कर लेता."