नई दिल्ली. एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के कार्यकारी बोर्ड ने इस साल होने वाले एशिया कप टी20 (Asia Cup T20) टूर्नामेंट के भविष्य को लेकर फैसला टाल दिया है. इस तरह की अटकलें हैं कि कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी के कारण इस टूर्नामेंट को स्थगित किया जा सकता है.

 

एशिया कप का आयोजन सितंबर में होना है. इसकी मेजबानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) करने वाला है और अगर इसका आयोजन होता है तो किसी अन्य देश में होगा, क्योंकि भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने की संभावना नहीं है. खबरों के अनुसार एसीसी ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप (अक्टूबर-नवंबर) पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के फैसले का इंतजार करेगा और उसके बाद ही एशिया कप पर फैसला करेगा.

 

सोमवार को बैठक के बाद एसीसी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बोर्ड ने एशिया कप 2020 के आयोजन के महत्व पर जोर दिया. कोविड-19 (Covid -19) महामारी के प्रभाव और परिणाम को देखते हुए एशिया कप 2020 संभावित आयोजन स्थल के विकल्पों पर चर्चा की गई और फैसला किया गया कि समय आने पर अंतिम फैसला किया जाएगा. दरअसल कोरोना वायरस के कारण क्रिकेट पूरी तरह से ठप्‍प है और इस साल टी20 वर्ल्‍ड कप के आयोजन की संभावना भी न के बराबर नजर आ रही है

सौरव गांगुली और जय शाह ने लिया हिस्‍सा

एसीसी बोर्ड बैठक की अध्यक्षता बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) अध्यक्ष नजमुल हसन  ने की और यह पहली महाद्वीपीय बैठक है जिसमें भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) और सचिव जय शाह (Jay Shah) ने हिस्सा लिया. इस मामले की जानकारी रखने वाले एसीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टूर्नामेंट को स्थगित किए जाने को लेकर चर्चा हुई, लेकिन वैकल्पिक तिथियों को लेकर कोई सहमति नहीं बनी.

इसके अलावा चीन में होने वाले 2022 एशियाई खेलों में एसीसी के शामिल होने पर भी चर्चा की गई. विज्ञप्ति के अनुसार बोर्ड को चीन के हांगझू में होने वाले 2022 एशियाई खेलों में एसीसी के शामिल होने की स्थिति और प्रगति पर जानकारी दी गई.