नई दिल्लीः हवाई यात्रियों को टिकट बुक कराने से लेकर बोर्डिंग पास और रद्दीकरण के लिए अब जगह-जगह बात नहीं करनी पड़ेगी. भारत में एक एयरलाइन कंपनी ने व्हाट्सऐप पर अपनी ग्राहक सेवा को शुरू कर दिया है, जहां पर चैट के जरिए सारी परेशानियों का हल मिलेगा. 

 

हवाई सेवा प्रदाता कंपनी कैथे पैसेफिक एयरलाइन ने हाल ही में इस सेवा को देश में शुरू किया है. इससे यात्रियों को व्हाट्सऐप के जरिए ही सारे सवालों के जवाब सिंगल चैट पर मिल जाएंगे. इसके साथ ही उनको व्हाट्सऐप पर ही कई सारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा. 

मिलेंगी ये सारी सुविधाएं

कैथे पैसेफिक के यात्री इस व्हाट्सऐप चैट के जरिए नई बुकिंग, पहले से होगी चुकी बुकिंग में फेरबदल या फिर अपग्रेडेशन, बैगेज के बारे में पूछताछ, एशिया माइल्स को रिडिम करना जैसी कई सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे. हालांकि ये सुविधा केवल अंग्रेजी भाषा में सोमवार से शनिवार सुबह 9.30 से 5.30 बजे शाम तक और रविवार को सुबह 9.30 बजे से लेकर दोपहर 3.30 बजे तक इस्तेमाल कर सकेंगे. हालांकि सरकारी छुट्टी के दिन ये सेवा उपलब्ध नहीं होगी. 

ग्राहकों को कैथे पैसेफिक के व्हाट्सऐप बिजनेस नंबर +852 2747 2747 पर मैसेज करके इस सेवा का लाभ मिलेगा. यह नंबर कंपनी की वेबसाइट cathaypacific.com पर भी उपलब्ध है. 

कैथे पैसेफिक ने बयान जारी करते हुए कहा है कि ग्राहकों को उनकी दिक्कतों का तुरंत हल मिलेगा. कंपनी हमेशा से ग्राहकों को उनकी यात्रा के प्रत्येक चरण पर बढ़िया सेवा देने का प्रयत्न करती है. व्हाट्सऐप भारत में सबसे ज्यादा प्रयोग की जाने वाली मैसेजिंग सेवा है. ऐसे में ये सेवा ग्राहकों को हमेशा मदद प्रदान करेगी