नई दिल्लीः लॉकडाउन (Lockdown) के कारण पूरे देश में स्कूलों और कॉलेजों की परीक्षा को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में तमिलनाडु के छात्रों के लिए एक राहत भरी खबर हो सकती है. राज्य के शिक्षा मंत्री के ए सेनगोट्टियन (Education Minister K A Sengottaiyan) ने शनिवार को कहा कि 10वीं और 12वीं के लिए रिजल्ट जुलाई में जारी किए जाएंगे.
बता दें कि कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु बोर्ड ने 10वीं की परीक्षा जून में करवाए जाने की घोषणा की थी. परीक्षा के बाद कॉपियों को जांचने का काम शुरू किया जाएगा. मंत्री ने कहा कि टीचर्स 12वीं कक्षा की कॉपियों की चेकिंग में पहले से ही लगे हुए हैं.
15 जून से होंगी परीक्षाएं
सरकार द्वारा जारी किए गए रिवाइज़्ड शिड्यूल के मुताबिक दसवीं की परीक्षाएं 15 जून से करवाई जाएंगी. पहले 1 से 12 जून के बीच परीक्षाएं होनी थीं लेकिन कोरोना वायरस की महामारी के कारण उसे टालना पड़ा. मंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते स्कूलों को खोले जाने के बारे में अभी कोई भी फैसला नहीं लिया जा सका है. सरकार द्वारा इसके लिए गठित कमेटी के आधार पर फैसला लिया जाएगा.
अभी चौथे फेज़ का लॉकडाउन चल रहा है. केंद्र सरकार का फैसला है कि फिलहाल स्कूल-कॉलेजों को बंद ही रखा जाएगा. जुलाई माह से राज्य सरकारों से बात करके इसके खोलने पर विचार किया जाएगा.