टैक्सपेयर्स (taxpayers) को बेहतर सुविधा देने के मकसद से सरकार ने एक नई सुविधा शुरू की है। इस नई सुविधा से GST कारोबारियों को एक बड़ी राहत मिलेगी। सरकार ने SMS के जरिए FORM GSTR-3B में निल GST मासिक रिटर्न फाइल करने की मंजूरी दे दी है।
सरकार की इस पहल से करीब 22 लाख छोटे कारोबारियों को फायदा होगा। अभी तक इन लोगों को हर महीने पोर्टल में लॉग इन करना पड़ता था फिर हर महीने रिटर्न फाइल करना पड़ता था। एक बयान के मुताबिक, SMS के जरिए Nil FORM GSTR-3B फाइल करने की कार्यक्षमता को तत्काल प्रभाव से जीएसटीएन पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है। रिटर्न फाइल करने की स्थिति को GST पोर्टल पर लॉग इन करके ट्रैक कर सकते हैं।
SMS के जरिए ऐसे करें रिटर्न फाइल
इसका लाभ उठाने के लिए कारोबारियों को अपने मोबाइल के मैसेज बॉक्स में जाकर NIL टाइप करना होगा। फिर उन्हें स्पेस देकर अपना GST नंबर लिखना होगा और एक और स्पेस देते हुए 3 B लिखना होगा
यह SMS नए जारी किए जाने वाले 5 अंकों के विशेष नंबर पर भेजना होगा। मैसेज भेजते ही कारोबारी के जीएसटी रजिस्ट्रेशन के दौरान रजिस्टर्ड किए गए मोबाइल नंबर पर एक वन टाइम पासवर्ड यानी OTP आएगा। उसको कनफर्म करते ही कारोबारी का रिटर्न फाइल हो जाएगा। बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद की बैठक 12 जून को होने वाली है। इसके पहले ही फाइनेंस मिनिस्टर ने कारोबारियों को बहुत बड़ी राहत दे दी है।